उज्जैन। विगत दिनों सुभाष नगर चौराहे पर अज्ञात वाहन चालक द्वारा टक्कर मारकर फरार होने पर आज दिनांक तक गिरफ्तारी नहीं होने की जाँच कराये जाने की माँग को लेकर जायसवाल समाज ने एसपी को एक ज्ञापन सौंपा।
मीडिया प्रभारी शुभम जायसवाल ने बताया कि 9 नवम्बर को प्रात: 5.15 से 5.30 के मध्य सुभाष नगर चौराहे पर समाज के वरिष्ठ नागरिक त्रिलोकचन्द्र जायसवाल की अज्ञात वाहन चालक ने सड़क पर जोरदार टक्कर मारी, जिससे त्रिलोकचन्द्र जायसवाल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। त्रिलोकचन्द्र जायसवाल देव दर्शन कर अपने घर सुन्दरम् अपार्टमेन्ट, सुभाष नगर लौट रहे थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शी भी घटना स्थल पर थे। कई दिन व्यतीत हो जाने के बाद सम्बन्धित वाहन व वाहन चालक की जानकारी नहीं हो सकी है, जबकि पुलिस विभाग तकनीकी रूप से काफी सक्षम है एवं विभिन्न जगहों जैसे महामृत्युंजय द्वार, नानाखेड़ा बस स्टेण्ड, दो तालाब चौराहा, पंजाब नेशनल बैंक सुभाष नगर, तीन बत्ती चौराहा व प्रतिष्ठानों के सी.सी. कैमरे की जाँच कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन भेंट करने के दौरान अध्यक्ष रमाशंकर जायसवाल, कार्यवाहक अध्यक्ष चिंतामण जायसवाल, सचिव महेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष प्रेम जायसवाल, विजय जायसवाल, पी.के. जायसवाल, शरद जायसवाल, तरूण जायसवाल, ओम जायसवाल, शुभम जायसवाल मौजूद थे।