भारतीय संस्कृति के अनुरूप विश्व और मानव कल्याण का साक्षात  रूप है सेवाधाम- आशीष सिंह

 



उज्जैन कलेक्टर ने सेवाधाम में सद्गुरू कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ किया


उज्जैन। उज्जैन कलेक्टर श्री आशीष सिंह अल्प सूचना पर अचानक सेवाधाम आश्रम ‘अंकित ग्राम’ पहुंचे। आपने आश्रम में निवास कर रहे 600 से अधिक बाल, वृद्ध, युवा, दिव्यांगों और महिलाओं से भेंट की। बालगृह और बालिकागृह के बच्चों से मिलकर उनकी जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर आश्रम परिसर में स्थापित डिडवानिया (रतनलाल) अवेदना केन्द्र में महिलाओं एवं बालिकाओं हेतु सद्गुरू कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। इस केन्द्र के माध्यम से दिव्यांग और ग्रामीण बालिकाओं और महिलाओं के लिए कम्प्यूटर प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था रहेगी।


 श्री सिंह ने कहा कि सेवाधाम के मानव सेवा कार्यों को देखकर लगता है जो भारतीय संस्कृति की जो भावना है विश्व कल्याणकारी और मानव कल्याण की जिसे हम साक्षात रूप में साकार होते हुए देख सकते है, यहां का कार्य अनुकरणीय है और यहां का मेरा अनुभव जीवन्त पर्यन्त भूल नही सकता हूं। सेवा का यह अद्भूत प्रकल्प निश्चित ही हमारे जिले और प्रदेश को गौरव प्रदान करता है। सुधीर भाई एवं सेवाधाम की पूरी टीम जो त्याग, तपस्या और बलिदान के साथ लगी हुई है वह अनुकरणीय है। आपने सेवाधाम गौशाला में गायों को रोटी खिलाने के साथ ही बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा। इस अवसर पर संस्थापक सुधीर भाई ने आश्रम के विविध प्रकल्पों की जानकारी दी। भ्रमण में कांता भाभी, मोनिका गोयल और गोरी गोयल और प्रकल्प प्रभारी भी साथ थे।